देहरादून। युवाओं को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप हुनरमंद बनाकर वैश्विक रोजगार से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है।
बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कौशल विकास योजना की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि युवाओं को केवल परंपरागत प्रशिक्षण तक सीमित न रखकर स्टार्टअप और नई तकनीकों के लिए तैयार किया जाए।
बैठक में जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि हाल ही में चलाए गए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए 126 युवाओं ने विदेशों में रोजगार हासिल किया है। इसमें केयर गिवर के रूप में 75 युवाओं को जापान, नर्सिंग क्षेत्र में 1 युवा को जर्मनी और वेयरहाउस प्रबंधन के लिए 30 युवाओं को सऊदी अरब में नियुक्ति मिली है।
जिलाधिकारी ने सिडकुल और उद्योग विभाग के साथ समन्वय बनाकर नियमित कार्यशालाएं आयोजित करने और औद्योगिक संस्थानों की जरूरतों के अनुसार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी आईटीआई में चल रहे पाठ्यक्रमों की समीक्षा कर उन्हें मार्केट डिमांड के अनुरूप अपडेट किया जाए।
उन्होंने पीएम सेतु योजना के तहत सरकारी आईटीआई और एनएसटीआई संस्थानों में बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को आधुनिक मशीनों का ज्ञान और प्रोफेशनल नेटवर्क का विस्तार देने के लिए उद्योग जगत की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, जिला सेवायोजन अधिकारी ममता, आईटीआई प्रधानाचार्य अनुपमा भंडारी, दीपक चौधरी, अनिल पुंडीर और उद्योग प्रतिनिधि अरुण नैथानी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।





