FRI देहरादून में हिंदी पखवाड़े का समापन, निदेशक ने कहा – सरकारी काम में 100% हिंदी का प्रयोग करें

देहरादून। वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई), देहरादून में 14 से 28 सितंबर 2026 तक आयोजित हिंदी पखवाड़े का मंगलवार को समापन हुआ। संस्थान के मुख्य भवन स्थित दीक्षांत गृह में आयोजित समापन समारोह में संस्थान के निदेशक डॉ. सुधीर कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

अपने संबोधन में निदेशक डॉ. सुधीर कुमार ने कहा कि कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी का शत-प्रतिशत प्रयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान सभा ने 14 सितंबर 1949 को हिंदी को देश की राजभाषा के रूप में मान्यता दी थी। सरकारी कार्य हिंदी में करना और राजभाषा हिंदी का प्रचार-प्रसार करना संवैधानिक एवं नैतिक दायित्व है।

SJVN

विज्ञापन

उन्होंने राजभाषा कार्यान्वयन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी देते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का आह्वान किया।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में कर्मचारियों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा

संस्थान की कुलसचिव श्रीमती मोनाली सेन ने हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

टिप्पण एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता में रुद्रदेव शर्मा ने प्रथम, नवनीत कुमार ने द्वितीय, सागर थापा ने तृतीय तथा अमित कुमार ने प्रोत्साहन पुरस्कार प्राप्त किया।

राजभाषा शब्द ज्ञान प्रतियोगिता में आशीष कुमार प्रथम, अरुण तोपाल द्वितीय, कीर्ति रावत तृतीय तथा रुद्रदेव शर्मा को प्रोत्साहन पुरस्कार मिला।

अनुवाद ज्ञान प्रतियोगिता में रुद्रदेव शर्मा ने प्रथम, मोहम्मद हारुन ने द्वितीय, अजय डबराल ने तृतीय तथा आशीष कुमार ने प्रोत्साहन पुरस्कार प्राप्त किया।

हिंदी टंकण प्रतियोगिता में कीर्ति रावत प्रथम, रुद्रदेव शर्मा द्वितीय, विकास कुमार तृतीय तथा राम मूरत सिंह को प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया।

स्वरचित कविता पाठ प्रतियोगिता में शोधार्थी सुधान सिंह कैंतुरा ने प्रथम, सागर थापा ने द्वितीय, मैत्री ने तृतीय तथा आशीष कुमार ने प्रोत्साहन पुरस्कार प्राप्त किया।

वहीं आशुभाषण प्रतियोगिता में दीनबंधु चौबे ने प्रथम, नवनीत कुमार ने द्वितीय तथा रुद्रदेव शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

दो कार्यालयों को राजभाषा कार्यान्वयन के लिए मिली शील्ड

समारोह के दौरान निदेशक डॉ. सुधीर कुमार ने वर्ष 2025-26 में राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थान के कुलसचिव कार्यालय तथा वन संवर्धन एवं प्रबंधन प्रभाग को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहयोग किया। उनके योगदान के लिए निदेशक की ओर से उन्हें पुस्तकें भेंट की गईं।

अधिकारियों और शोधार्थियों की रही मौजूदगी

समापन समारोह में संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक, प्रभारी अधिकारी, अनुभाग अधिकारी, कर्मचारी एवं शोधार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन  शंकर शर्मा, सहायक निदेशक राजभाषा ने किया।

पूरे हिंदी पखवाड़े के आयोजन एवं संचालन में  दिनेश चंद्र, कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी और  अमन रावत, बहुकार्यकर्मी का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *