Nanda Devi Raj Jat Yatra: बड़ी जात यात्रा में 2200 श्रद्धालुओं को मिली निशुल्क स्वास्थ्य सेवा

चमोली। मां नंदा की ऐतिहासिक बड़ी जात यात्रा में श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन देहरादून के सहयोग से स्वामी विवेकानंद धर्मार्थ चिकित्सालय पीपलकोटी की मेडिकल टीम ने सराहनीय पहल की। टीम ने यात्रा मार्ग के दुर्गम और निर्जन पड़ावों तक पहुंचकर श्रद्धालुओं को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। यात्रा के दौरान 2200 से अधिक श्रद्धालुओं ने स्वास्थ्य जांच, दवाइयों और अन्य चिकित्सा सुविधाओं का लाभ लिया।

ऊंचाई बढ़ने के साथ बढ़ी स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां

वाण से आगे यात्रा मार्ग बेहद कठिन और चुनौतीपूर्ण हो जाता है। अधिक ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी, कड़ाके की ठंड और लंबी पैदल दूरी के कारण कई श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ऐसे में मेडिकल टीम ने विभिन्न पड़ावों पर स्वास्थ्य परीक्षण किया और जरूरतमंद श्रद्धालुओं को निशुल्क दवाइयां, हाई एल्टीट्यूड में उपयोगी औषधियां तथा ऑक्सीजन उपलब्ध कराई।

SJVN

विज्ञापन

बगुवासा से आगे पैदल पहुंची मेडिकल टीम

चिकित्सालय के संरक्षक अतुल शाह ने बताया कि शुरुआत में बगुवासा तक मेडिकल कैंप स्थापित करने की योजना बनाई गई थी। इसके आगे घोड़ों की आवाजाही नहीं होने के कारण ऑक्सीजन सिलेंडर, दवाइयां और चिकित्सा उपकरण पहुंचाना चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद यात्रियों की जरूरत को देखते हुए मेडिकल टीम ने जरूरी दवाइयां अपने बैग में रखीं और पैदल ही दुर्गम पड़ावों तक पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखीं।

सूचना मिलते ही मरीजों तक पहुंची टीम

यात्रा मार्ग में जहां भी किसी श्रद्धालु के स्वास्थ्य बिगड़ने की सूचना मिली, मेडिकल टीम वहां पहुंची। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने जरूरत के अनुसार उपचार किया और आवश्यक दवाइयां निशुल्क उपलब्ध कराईं। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच मेडिकल टीम की इस पहल से यात्रियों को काफी राहत मिली।

स्थानीय ग्रामीणों ने भी निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

बड़ी जात यात्रा के दौरान स्थानीय ग्रामीणों की सहभागिता भी व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण रही। दुर्गम क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं जुटाने में ग्रामीणों ने सहयोग किया। इससे यात्रा मार्ग पर सेवा भावना और सामुदायिक सहभागिता की मिसाल देखने को मिली।

यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने दुर्गम एवं निर्जन पड़ावों तक पहुंचकर निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन देहरादून और स्वामी विवेकानंद धर्मार्थ चिकित्सालय पीपलकोटी का आभार जताया।

इन सदस्यों ने संभाली स्वास्थ्य सेवा की जिम्मेदारी

स्वास्थ्य सेवा अभियान में डॉ. सुशील बलूनी, चीफ फार्मासिस्ट ताजवर सती, आदित्य शाह, दीपक पंत और प्रदीप नेगी समेत मेडिकल टीम के सदस्यों ने योगदान दिया। वहीं बड़ी जात यात्रा समिति के अध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह रावत और महामंत्री अशोक गौड़ ने दुर्गम पड़ावों तक दवाइयां, ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य चिकित्सा सामग्री पहुंचाने में सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *