देहरादून। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, उत्तराखंड के तत्वावधान में राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के प्रथम चरण का सोमवार को शुभारंभ हुआ।दे
हरादून के आमवाला स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल में जूडो, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर में फेंसिंग और हरिद्वार के रोशनाबाद में योगासन प्रतियोगिता का आगाज हुआ।
आमवाला में जूडो खिलाड़ियों का वजन लेने के बाद मुकाबले शुरू हुए। वहीं रायपुर में अंडर-14 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग की फेंसिंग में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

मंत्री रेखा आर्या ने किया उत्साहवर्धन
मुख्य अतिथि युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने आमवाला पहुंचकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। हरिद्वार में आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने योगासन प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं प्रतिभावान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अब अभिभावकों की सोच बदली है और वे बच्चों को खेलों के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।

फेंसिंग में सार्थक जैन को स्वर्ण
अंडर-14 बालक फॉयल वर्ग में देहरादून के सार्थक जैन ने स्वर्ण पदक जीता। ऊधमसिंह नगर के आदित्य सिंह पुंडीर दूसरे और देहरादून के मंथन पंत व श्लोक मेहता संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
इस दौरान अपर निदेशक आरसी डिमरी, संयुक्त निदेशक अजय कुमार अग्रवाल, उप निदेशक शक्ति सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
