देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शुक्रवार को सचिवालय में प्रदेश के विभिन्न जिला सहकारी बैंकों के नवनिर्वाचित अध्यक्षों ने शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने सभी नवनिर्वाचित अध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सहकारिता की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सहकारिता उत्तराखंड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। जिला सहकारी बैंक किसानों, ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने के साथ ही स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि सहकारी बैंकों और संस्थाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक अवसरों को भी मजबूती मिलती है।
पारदर्शिता और जनहित को दें प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित अध्यक्षों से अपेक्षा की कि वे पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि सहकारिता क्षेत्र को और अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों को मिलकर प्रयास करने होंगे।
ये नवनिर्वाचित अध्यक्ष रहे मौजूद
मुख्यमंत्री से भेंट करने वालों में जिला सहकारी बैंक देहरादून के अध्यक्ष मंजीत रावत, चमोली के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, जिला सहकारी बैंक गढ़वाल (कोटद्वार) के अध्यक्ष पंकज रावत, टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष सुभाष चंद रमोला तथा जिला सहकारी बैंक हरिद्वार के अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह चौधरी शामिल रहे।
उल्लेखनीय है कि ये सभी हाल ही में अपने-अपने जिला सहकारी बैंकों के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
