गौचर (चमोली)। नगर पालिका क्षेत्र गौचर में बीती रात हुई भारी बारिश ने तबाही मचा दी। पनाई में शिवालय और कुलदीप सिंह बिष्ट के घर में मलबा घुस गया। मुख्य बाजार और डाटपुल क्षेत्र में कई घरों-दुकानों में पानी भर गया। खेतों में खड़ी फसल को भी भारी नुकसान हुआ है।
गौचर-कांडा-सिंदरवाणी मोटर मार्ग जगह-जगह मलबा आने से बंद हो गया है, जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।
सुबह नगर पालिका के EO हेमंत चौहान, JE राजीव चौहान और रोशन पुंडीर ने प्रभावित वार्डों का निरीक्षण किया और PWD की JCB व स्वच्छता मित्रों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू कराया।
वहीं मुख्य बाजार में सड़कों पर गड्ढों में जलभराव से स्कूली बच्चों और व्यापारियों को दिक्कत हो रही है। व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल ने SDM कर्णप्रयाग को ज्ञापन सौंपकर सड़क मरम्मत और जल निकासी की मांग की है।

मुख्य बाजार में जलभराव से बढ़ी परेशानी
भारी बारिश के बाद गौचर मुख्य बाजार की सड़कों पर बने गड्ढों में पानी भर गया। इससे पैदल राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल ने उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग को ज्ञापन सौंपकर बाजार की सड़कों पर जलभराव की समस्या से अवगत कराया।
व्यापारियों ने प्रशासन से बाजार की सड़कों की शीघ्र मरम्मत, गड्ढों को भरने और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था किए जाने की मांग की है।
