देहरादून के डोईवाला में 6 लाख की चोरी का खुलासा, दून पुलिस ने यूपी के शातिर नकबजन जरीफ अहमद को गिरफ्तार किया, जेवरात, नगदी और चोरी के पैसे से खरीदी बाइक बरामद।
देहरादून। एसएसपी देहरादून की सटीक रणनीति से डोईवाला क्षेत्र में हुई बड़ी नकबजनी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के शातिर नकबजन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 6 लाख रुपये की ज्वैलरी, नगदी और चोरी के पैसों से खरीदी गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
क्या था मामला?
5 सितंबर 2026 को पुनीत पुंडीर निवासी नकरौंदा, हर्रावाला ने कोतवाली डोईवाला में शिकायत दी थी कि 4 सितंबर को दिन में परिवार के साथ बाहर जाने पर अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी से सोने-चांदी की ज्वैलरी, नगदी और IQOO 9E मोबाइल चोरी कर लिया था। इस पर थाना डोईवाला में मुकदमा दर्ज किया गया था।

CCTV और मुखबिर से पकड़ा गया चोर
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी दून के निर्देश पर टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद 10 सितंबर को पुलिस ने रेलवे स्टेशन रोड, हर्रावाला से अभियुक्त जरीफ अहमद को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह दिन के समय बंद घरों की रैकी करता था और मौका मिलते ही चोरी को अंजाम देकर यूपी भाग जाता था। उसने चोरी की गई सोने की चैन बेचकर एक TVS Apache बाइक खरीदी थी, जिसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
2 महीने पहले ही जेल से आया था बाहर
गिरफ्तार अभियुक्त जरीफ अहमद (20 वर्ष) पुत्र अकबर अहमद, निवासी जिला हरदोई, यूपी का रहने वाला है। वह पहले भी डोईवाला और रायपुर थाने में चोरी के कई मामलों में जेल जा चुका है और 2 महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था।
क्या-क्या बरामद हुआ?
पुलिस ने अभियुक्त के पास से 2 सोने के कड़े, अंगूठी, नाक की बाली, चांदी की पायल, बिछुए, मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, 2000 रुपये नगद और बिना नंबर की Apache बाइक बरामद की है। बरामद संपत्ति की कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक कमलेश गौड़, प्रेम सिंह बिष्ट सहित SOG की टीम शामिल रही।
