देहरादून बार एसोसिएशन के लिए 8,881 वर्ग मीटर में 7 मंजिला प्रोफेशनल भवन बनेगा। डीएम आशीष चौहान ने MDDA के साथ बैठक कर डिजाइन, पार्किंग और फायर सेफ्टी के निर्देश दिए।
देहरादून। देहरादून के अधिवक्ताओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। देहरादून बार एसोसिएशन को जल्द ही अपना नया प्रोफेशनल ऑफिस भवन मिलने वाला है। इसको लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को अहम बैठक की।
जिलाधिकारी ने मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) और बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ प्रस्तावित भवन की डिजाइन और निर्माण योजना की समीक्षा की।
8,881 वर्ग मीटर में बनेगा 7 मंजिला भवन
बैठक में MDDA की सीनियर आर्किटेक्ट दृष्टि जैन ने बताया कि भवन के लिए 8,881.28 वर्ग मीटर भूमि का सर्वे पूरा कर लिया गया है।
प्रस्तावित भवन में ग्राउंड फ्लोर के अलावा 7 मंजिलें होंगी। इसमें अधिवक्ताओं के लिए 10×10 साइज के 500 से अधिक चैंबर बनाए जाएंगे। भवन में प्रवेश, निकासी, पार्किंग और आमजन की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा गया है।
DM ने दिए फायर सेफ्टी और लिफ्ट के निर्देश
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने निर्देश दिए कि भवन में फायर सेफ्टी प्लान, इमरजेंसी एग्जिट और लिफ्ट सिस्टम मानकों के अनुसार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यहां अधिवक्ताओं के साथ आम लोगों का भी आना-जाना रहेगा, इसलिए सुरक्षा और सुगम आवागमन की व्यवस्था पुख्ता होनी चाहिए। उन्होंने फाइनल प्रस्ताव जल्द तैयार करने को कहा।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में MDDA के अधिशासी अभियंता एसएस रावत, सीनियर आर्किटेक्ट दृष्टि जैन, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुकरेती, सचिव अजय बिष्ट सहित कई सीनियर अधिवक्ता मौजूद रहे।
