हरिद्वार। भगवानपुर क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर कराए जा रहे आवासीय निर्माण के खिलाफ हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) ने सख्त कार्रवाई की है। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन भवन को सील कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, भगवानपुर क्षेत्र में बिना आवश्यक स्वीकृति और मानचित्र पास कराए आवासीय भवन का निर्माण कराया जा रहा था। मामला प्राधिकरण के संज्ञान में आने के बाद संबंधित निर्माणकर्ता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई थी। अधिकारियों ने पहले ही निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए थे।
इसके बावजूद मौके पर निर्माण जारी रहने की सूचना मिलने पर प्राधिकरण की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया। जांच में निर्माण कार्य जारी पाया गया, जिसके बाद अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भवन को सील कर दिया।
प्राधिकरण की टीम ने निर्माणकर्ता को साफ तौर पर चेतावनी दी कि सक्षम प्राधिकरण से नक्शा स्वीकृत कराए बिना किसी भी तरह का निर्माण कार्य न किया जाए। अधिकारियों ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।
