मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने दिलाई पद की शपथ, समयबद्ध और पारदर्शी सेवाओं पर रहेगा फोकस
देहरादून। उत्तराखंड सेवा का अधिकार आयोग को नया आयुक्त मिल गया है। बुधवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने दीपेन्द्र चौधरी को उत्तराखंड सेवा का अधिकार आयोग के आयुक्त पद की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य सचिव ने चौधरी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वह अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ करेंगे।
मुख्य सचिव ने कहा कि सेवा का अधिकार अधिनियम का मूल उद्देश्य आम नागरिकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही प्रशासन में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करना भी इस व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि नागरिकों को सरकारी सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न हो और उन्हें तय समय में सेवाएं मिलें, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है।
नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं दिलाने पर जोर
आयुक्त पद की शपथ लेने के बाद दीपेन्द्र चौधरी ने कहा कि वह आयोग की ओर से सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य को और मजबूत करने के लिए कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सेवा का अधिकार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और आम नागरिकों के अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए आयोग की भूमिका को मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा।
