भैरव अष्टमी पर अखंड पाठ, हवन, रात्रिजागरण और भंडारे में उमड़े भक्त
भैरव देवता मंदिर में भव्य धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भक्तों ने लिया आशीर्वाद
उत्तराखंड। प्रतापनगर क्षेत्र की पट्टी भदूरा के भरपूरिया गांव स्थित भैरव देवता मंदिर में भैरव जन्मोत्सव बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। स्थानीय मंदिर समिति द्वारा भैरव अष्टमी के विशेष अवसर पर दिनभर और रातभर चलने वाले विविध धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तजन शामिल हुए। कार्यक्रम में अखंड पाठ, विधिवत पूजन, हवनदृयज्ञ, रात्रिजागरण और भव्य भंडारे का आयोजन कर वातावरण को पूर्णतः आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी और सभी ने हवन-यज्ञ में आहुति डालकर भैरव देवता का आशीर्वाद प्राप्त किया। रात्रिजागरण के दौरान भक्तजन अपने ईष्ट भैरव देवता के समक्ष भजनदृकीर्तन करते रहे, जिससे पूरा परिसर भक्ति और आस्था की ध्वनियों से गूंज उठा। सहभागी भक्तों ने कहा कि भैरव अष्टमी पर यहां होने वाला आयोजन वर्षों से धार्मिक आस्था का केंद्र रहा है और लोग दूर-दूर से दर्शन करने आते हैं।
इस अवसर पर मंदिर समिति के नव-नियुक्त अध्यक्ष नरेंद्र पंवार ने जन्मोत्सव में पहुंचे सभी आगंतुकों का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि भक्तों का सहयोग और सहभागिता ही मंदिर की गतिविधियों को ऊर्जा प्रदान करती है, और भविष्य में भी भैरव देवता मंदिर को धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का केंद्र बनाए रखने के लिए और भी बेहतर तथा भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
