महापौर आरती भंडारी से मिले स्थानीय निवासी, ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग
श्रीनगर। नगर निगम श्रीनगर क्षेत्रांतर्गत कमलेश्वर बागवान वार्ड नंबर-26 के न्यू कमलेश्वर मोहल्ले में जर्जर सड़क की समस्या को लेकर स्थानीय निवासियों ने महापौर आरती भंडारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। लोगों ने सड़क पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगवाने की मांग की है।
शनिवार को स्थानीय निवासी बीरेंद्र राणा, शिव सिंह नेगी, जेएस रौतेला, गोपाल रौतेला और जसपाल सिंह चौहान ने बताया कि मोहल्ले की सड़क लंबे समय से खराब स्थिति में है। बारिश के मौसम में सड़क और पूरी गली में पानी भर जाता है, जिससे जगह-जगह कीचड़ हो जाता है और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कीचड़ और गड्ढों के कारण बुजुर्गों, बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों का निकलना बेहद मुश्किल हो जाता है। लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है, जिससे बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि यदि गली के रास्ते में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगवा दी जाएं तो जलभराव और कीचड़ की समस्या से काफी हद तक निजात मिल सकती है। स्थानीय निवासियों ने महापौर आरती भंडारी से न्यू कमलेश्वर में जल्द से जल्द इंटरलॉकिंग टाइल्स लगवाने की मांग की है।
