टिहरी: जाखणीधार ब्लॉक मुख्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं से अभी से जुटने का आह्वान किया गया। इस दौरान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाए जाने पर पूर्व विधायक डॉ. धन सिंह नेगी का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
पूर्व विधायक डॉ. धन सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों और पार्टी की आगामी रणनीति पर चर्चा की गई। प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य बनाए जाने पर नेगी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। कार्यकर्ताओं ने सरकार की योजनाओं एवं पार्टी की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का संकल्प लिया।
ठप पड़े आयुष अस्पताल के निर्माण पर जताई चिंता
बैठक में डामरीधार में स्वीकृत 50 बेड के आयुष अस्पताल का लंबे समय से बंद पड़ा निर्माण कार्य प्रमुख मुद्दा रहा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड के आयुष अस्पताल को स्वीकृति मिली थी। मुख्यमंत्री द्वारा इसका शिलान्यास किए जाने के बाद निर्माण कार्य भी शुरू हुआ, लेकिन निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद काम ठप पड़ा है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि अस्पताल का निर्माण पूरा होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकती थीं, लेकिन निर्माण कार्य बंद होने के कारण इसका लाभ जनता को नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सरकार से जल्द अस्पताल का निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराने की मांग की।
एक सितंबर से आंदोलन की चेतावनी
बैठक में कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि अस्पताल का निर्माण कार्य जल्द शुरू नहीं कराया गया तो एक सितंबर से आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
पूर्व विधायक धन सिंह नेगी ने कहा कि इस मामले में जल्द ही मुख्यमंत्री और आयुष मंत्री से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया जाएगा और अस्पताल के निर्माण कार्य को पुनः शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।
