पीएम पोषण योजना में लापरवाही पड़ी भारी, रोजाना होगी कीचन-कम-स्टोर की निगरानी

 

रुद्रप्रयाग। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (पीएम पोषण) योजना के तहत नौनिहालों को परोसे जाने वाले भोजन की स्वच्छता, गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक शिक्षा) एवं पीएम पोषण के नोडल अधिकारी अजय कुमार चौधरी ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, उप शिक्षा अधिकारियों तथा विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों को निर्देश जारी कर कीचन-कम-स्टोर की प्रतिदिन अनिवार्य निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है।

 

डीईओ बेसिक ने स्पष्ट किया कि पीएम पोषण योजना के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि असावधानी के कारण अप्रिय घटनाएं सामने आने के साथ खाद्य सामग्री तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन, उपकरण और गैस चूल्हे तक क्षतिग्रस्त होने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्यालय स्तर पर संस्थाध्यक्ष एवं योजना प्रभारी को विशेष सतर्कता बरतनी होगी।

 

कीचन-कम-स्टोर की रोजाना होगी जांच

 

जारी निर्देशों के अनुसार प्रत्येक विद्यालय में कीचन-कम-स्टोर की साफ-सफाई, गैस चूल्हे, बर्तनों, उपकरणों और खाद्य सामग्री की सुरक्षा व्यवस्था का प्रतिदिन निरीक्षण किया जाएगा। भोजन माताओं को भी स्वच्छता, सावधानी और सुरक्षा को लेकर स्पष्ट निर्देश देने होंगे।

 

खाना बनाने से पहले बर्तनों और उपकरणों की स्थिति की जांच करना तथा खाद्य सामग्री को स्वच्छ एवं सुरक्षित स्थान पर रखना अनिवार्य किया गया है।

 

बरसात में खाद्य सामग्री के रखरखाव पर विशेष जोर

 

डीईओ बेसिक अजय कुमार चौधरी ने बरसाती मौसम को देखते हुए खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नमी, बारिश और अस्वच्छ परिस्थितियों के कारण खाद्य सामग्री की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में सामग्री की स्वच्छता, गुणवत्ता और सुरक्षित भंडारण में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए।

 

उन्होंने खंड स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों के अनुश्रवण एवं निरीक्षण के दौरान पीएम पोषण योजना के निर्धारित मानकों के साथ स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था की भी अनिवार्य रूप से जांच की जाए।

 

भोजन माताओं की जिम्मेदारी भी तय

 

डीईओ ने कहा कि पीएम पोषण योजना के सफल संचालन में भोजन माताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसलिए भोजन तैयार करने से लेकर बच्चों को परोसने तक स्वच्छता एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए और उन्हें पूरी जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए जाएं।

 

उन्होंने दो टूक कहा कि पीएम पोषण योजना के मानकों की अनदेखी किसी भी सूरत में अक्षम्य होगी। विद्यालय संस्था की जिम्मेदारी होगी कि बच्चों को परोसे जाने वाले पके-पकाए भोजन की स्वच्छता, गुणवत्ता, सुरक्षा और नियमितता सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान किसी भी स्तर पर कमी मिलने पर उसे गंभीरता से लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *