मुख्यमंत्री धामी ने स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल से की स्थानीय उत्पादों की खरीदारी, ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने की अपील

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में ‘सशक्त बहना उत्सव’ के तहत स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और विभिन्न स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से आगामी त्योहारों में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को आगे बढ़ाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति द्वारा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से तैयार किए जा रहे उत्पाद स्थानीय संस्कृति, परंपरा और हुनर की पहचान हैं। इन उत्पादों की खरीदारी से न केवल स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि उनसे जुड़ी महिलाओं की आजीविका को मजबूत करने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में भी योगदान मिलता है।

स्थानीय उत्पादों की खरीद से मजबूत होगी अर्थव्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों का समय स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रदेशवासी त्योहारों पर उपहार और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी में स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक प्राथमिकता दें।

उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर तैयार किए गए प्रत्येक उत्पाद की खरीद किसी परिवार की आय बढ़ाने, किसी महिला के स्वरोजगार को मजबूती देने और राज्य की स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में योगदान करती है।

‘वोकल फॉर लोकल’ को जन-अभियान बनाने की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान ने देश में स्थानीय उत्पादों के प्रति नया विश्वास पैदा किया है। राज्य सरकार भी महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि इस त्योहारी सीजन में स्थानीय उत्पाद खरीदें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ को जन-अभियान बनाने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। स्थानीय उत्पादों को अपनाने से आत्मनिर्भर उत्तराखंड और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *