बड़कोट / उत्तरकाशी। राजेंद्र सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय टटाऊ के छात्र-छात्राओं की लंबे समय से चली आ रही बस सेवा की मांग आखिरकार पूरी हो गई। मंगलवार को प्रभारी प्राचार्य डॉ. रश्मि उनियाल ने महाविद्यालय परिसर से बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बस सेवा शुरू होने पर विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है।
महाविद्यालय नगर क्षेत्र और आसपास के गांवों से करीब नौ किलोमीटर दूर स्थित है। सार्वजनिक परिवहन की पर्याप्त सुविधा नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं को पैदल आवागमन करना पड़ता था। इससे महाविद्यालय में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या और नियमित उपस्थिति पर भी असर पड़ रहा था।
धरने के बाद हुआ मांग का समाधान
बस सेवा की मांग को लेकर पिछले महीने छात्रों और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था। मौके पर पहुंचे एसडीएम बड़कोट ने छात्रों से वार्ता कर जल्द बस सेवा शुरू कराने का आश्वासन दिया था। इसके बाद छात्रों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया था।
मंगलवार को बस सेवा शुरू होने के बाद छात्र-छात्राओं ने प्रशासन का आभार जताया। विद्यार्थियों ने कहा कि बस सेवा शुरू होने से विशेष रूप से छात्राओं और दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी।
छात्रों का कहना है कि नियमित परिवहन सुविधा उपलब्ध होने से महाविद्यालय में छात्र संख्या और उपस्थिति बढ़ने की भी उम्मीद है।
