डोईवाला BDC बैठक में बिजली, पानी और सड़कों के मुद्दे छाए, अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश

 

डोईवाला। डोईवाला विकासखंड सभागार में मंगलवार को क्षेत्र पंचायत (BDC) की महत्वपूर्ण बैठक ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में ग्राम पंचायतों से पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने बिजली, पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, वन और सिंचाई से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कई विभागों के अधिकारियों के बैठक में अनुपस्थित रहने पर जनप्रतिनिधियों ने कड़ा आक्रोश जताया। ब्लॉक प्रमुख ने अनुपस्थित विभागों को नोटिस जारी करने की बात कही।

 

बैठक में खदरी खड़कमाफ की विद्युत व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठा। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि क्षेत्र में आए दिन ट्रांसफार्मर फुंकने, लो वोल्टेज और घंटों बिजली गुल रहने से ग्रामीण परेशान हैं। जर्जर बिजली के तार और खंभे बदलने के साथ ही विद्युत बिलों में आ रही गड़बड़ियों को दूर करने की मांग की गई।

 

बुल्लावाला और मारखमग्रांट सहित कई गांवों में पेयजल संकट का मुद्दा भी उठाया गया। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि पेयजल लाइन में लीकेज के कारण टैंक से पानी की आपूर्ति बंद होने के बाद गड्ढों का दूषित पानी घरों तक पहुंच रहा है। ग्रामीणों ने लंबे समय से पेयजल बिल नहीं मिलने की शिकायत भी दर्ज कराई।

 

बरसात के बाद ग्रामीण सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर भी जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई। कई संपर्क मार्गों पर गहरे गड्ढे होने और सड़कें क्षतिग्रस्त होने से स्कूली बच्चों, महिलाओं और आम लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। सड़कों की तत्काल मरम्मत और डामरीकरण की मांग की गई।

 

वन्यजीवों से सुरक्षा की मांग

 

वन विभाग से जुड़े मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जंगली जानवर फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। आबादी वाले क्षेत्रों में हाथी और गुलदार की आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए सोलर फेंसिंग लगाने और गश्त बढ़ाने की मांग की गई।

 

नहरों और गूलों की सफाई का मुद्दा

 

सिंचाई विभाग से संबंधित समस्याओं में नहरों और गूलों की सफाई न होने तथा उनके क्षतिग्रस्त होने का मुद्दा उठाया गया। किसानों ने सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ नदी किनारे पुश्तों का निर्माण कराने की मांग की, ताकि बरसात के दौरान खेतों को कटाव से बचाया जा सके।

 

इसके अलावा प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी तथा स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों और दवाइयों की उपलब्धता का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया।

 

समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान का आश्वासन

 

ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की ज्वलंत समस्याओं को बेबाकी से बैठक में रखा है। कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि बैठक में अनुपस्थित विभागों को नोटिस जारी किया जाएगा।

 

कनिष्ठ प्रमुख बीना देवी ने खदरी खड़कमाफ में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने क्षेत्र की खराब सड़कों को लेकर भी तत्काल कार्रवाई की मांग की।

 

ग्राम पंचायत खदरी के ग्राम प्रधान शांति प्रसाद थपलियाल ने विद्युत और लोक निर्माण विभाग से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने नदी किनारे पुश्तों के निर्माण की मांग करते हुए कहा कि हर साल बरसात में नदी का जलस्तर बढ़ने से कई बीघा उपजाऊ भूमि कटाव की चपेट में आ जाती है।

 

खंड विकास अधिकारी परशुराम शकलानी ने कहा कि बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई सभी जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। संबंधित विभागों को समस्याओं के समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बैठक में अनुपस्थित विभागों की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी और अगली बैठक में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाएगी।

 

बैठक में खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, जल संस्थान, विद्युत, कृषि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *