डोईवाला। विकासखंड डोईवाला के बुल्लावाला, झबरावाला, माजरी ग्रांट, चांदमारी और मारखम ग्रांट समेत कई क्षेत्रों में अत्यधिक विद्युत रोस्टिंग और लो-वोल्टेज की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। लंबे समय से बनी इस समस्या को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
समस्या के समाधान की मांग को लेकर परवादून जिला कांग्रेस सेवा दल के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार बर्मन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लच्छीवाला स्थित उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) के अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि क्षेत्र में बार-बार बिजली बाधित होने के साथ पर्याप्त वोल्टेज भी नहीं मिल रहा है। इससे आम लोगों के घरेलू कार्य प्रभावित होने के साथ ही रोजगार और व्यवसाय पर भी असर पड़ रहा है। विशेष रूप से मजदूर और गरीब वर्ग इस समस्या से अधिक प्रभावित हो रहा है। कई लोगों का दैनिक रोजगार विद्युत उपकरणों और नियमित बिजली आपूर्ति पर निर्भर है, लेकिन लगातार बिजली कटौती के कारण उन्हें काम पूरा करने में दिक्कत हो रही है और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
निर्धारित शेड्यूल के अनुसार हो रोस्टिंग
जिलाध्यक्ष सुनील कुमार बर्मन ने कहा कि यदि किसी अपरिहार्य कारण से विद्युत रोस्टिंग करनी भी पड़े तो विभाग द्वारा निर्धारित नियमों और रोस्टिंग शेड्यूल के अनुसार पूर्व सूचना देकर की जानी चाहिए। बिना सूचना के बार-बार बिजली कटौती आमजन के लिए परेशानी का कारण बन रही है।
उन्होंने क्षेत्र में लंबे समय से बनी लो-वोल्टेज की समस्या के स्थायी समाधान की मांग करते हुए विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की।
सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस सेवा दल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और लो-वोल्टेज की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
इस दौरान कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।
