नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित, डीएम ने दिया सफलता का मंत्र

 

उत्तरकाशी। रामचंद्र उनियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सभागार में मंगलवार को आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के तत्वावधान में बीएससी, बीए और बीकॉम प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया।

 

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल सही दिशा, निरंतर मेहनत और अनुशासन की है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य को स्पष्ट रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने का आह्वान किया।

 

उन्होंने कहा कि सफलता के लिए समय प्रबंधन और एकाग्रता बेहद महत्वपूर्ण हैं। लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर लगन के साथ किया गया प्रयास कठिन से कठिन राह को भी आसान बना सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की भी सलाह दी।

 

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय प्रशासन एवं प्राध्यापकों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालयीय पाठ्यक्रम, क्रेडिट प्रणाली और परीक्षा व्यवस्था की विस्तार से जानकारी दी। इसके अलावा पुस्तकालय की सुविधाओं, एनसीसी, एनएसएस तथा महाविद्यालय में लागू अनुशासन संबंधी नियमों से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।

 

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज पंत सहित प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *