जन समाधान दिवस में डीएम सख्त: अवैध फैक्ट्री सील करने के निर्देश, आपदा कार्यों की जांच के आदेश

देहरादून। जन समाधान दिवस में सोमवार को जिलेभर से पहुंची 150 से अधिक शिकायतों पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए। कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

पापड़ियांन में आपदा कार्यों की जांच के आदेश

तहसील विकासनगर के ग्राम पंचायत पापड़ियांन में वर्ष 2023 से 2026 के बीच आपदा मद से कराए गए कार्यों में कथित फर्जीवाड़े और अनियमितता की शिकायत पर डीएम ने जिला विकास अधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को संयुक्त जांच के निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों को सात दिन के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।

डीएम ने उपलब्ध अभिलेखों, कराए गए कार्यों और संबंधित मद में हुए खर्च का परीक्षण कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

गांव के बीच चल रही हैवी वेल्डिंग फैक्ट्री होगी सील

विकासनगर क्षेत्र के ग्राम झीवरहेड़ी में आबादी के बीच कथित रूप से अवैध तरीके से संचालित हैवी वेल्डिंग फैक्ट्री के मामले में डीएम ने उप जिलाधिकारी विकासनगर और महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र को फैक्ट्री तत्काल सील करने के निर्देश दिए।

प्रारंभिक निरीक्षण में संबंधित स्थल औद्योगिक उपयोग के लिए वर्गीकृत नहीं पाया गया था। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और अग्निशमन विभाग की आवश्यक एनओसी भी नहीं होने की बात सामने आई थी। डीएम ने नियमों के उल्लंघन के बावजूद कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताते हुए नियमानुसार तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और चार मंजिला निर्माण की शिकायत

नगर निगम एवं ग्राम समाज की सरकारी भूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण और निर्माण की शिकायत पर डीएम ने एसडीएम सदर और तहसीलदार सदर को जांच के निर्देश दिए। शिकायत में चार मंजिला मकान के निर्माण का भी आरोप लगाया गया है।

अधिकारियों को मौके का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ भूमि एवं निर्माण से जुड़े अभिलेखों की जांच करने को कहा गया है। अतिक्रमण या अवैध निर्माण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विशेष बच्चे के प्रवेश मामले में भी जांच

विशेष बच्चे प्रिंस अग्रवाल के लतिका राय फाउंडेशन में प्रवेश से जुड़ी शिकायत पर भी जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाई। बच्चे के पिता एवं एकमात्र अभिभावक ने आरोप लगाया कि प्री-एडमिशन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद प्रवेश प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई गई।

डीएम ने जिला समाज कल्याण अधिकारी और जिला प्रोबेशन अधिकारी को संयुक्त जांच कर सात दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चे के हित और उसके सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निष्पक्ष जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

पैतृक भूमि पर कब्जे के प्रयास की शिकायत

मिहूवाला निवासी मोहम्मद शाहिद राव, खुर्शीदा बेगम और इकराम ने पैतृक भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा मारपीट कर कब्जा करने के प्रयास की शिकायत की। डीएम ने मामले में पुलिस विभाग को तथ्यात्मक जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

कृत्रिम अंग के लिए आर्थिक सहायता के निर्देश

सूर्य प्रकाश द्वारा दोनों पैरों में कृत्रिम अंग लगवाने के लिए आर्थिक सहायता की मांग पर डीएम ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारी को 15 दिन के भीतर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित कर शिकायतकर्ता को अवगत कराने को कहा गया।

शिकायतों के वास्तविक समाधान पर जोर

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जन समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की वास्तविक समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने समयबद्ध निस्तारण, पारदर्शिता और जवाबदेही पर विशेष जोर दिया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री जायसवाल, अपर पुलिस अधीक्षक, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास जितेन्द्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *