14 से 16 अगस्त तक दून लाइब्रेरी में फोटो-फिल्म प्रदर्शनी, 14 अगस्त की शाम कवि सम्मेलन में मुख्यमंत्री होंगे शामिल
देहरादून। भारत विभाजन की पीड़ा, विस्थापन और उससे जुड़ी स्मृतियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर देहरादून में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत 14 अगस्त से दून लाइब्रेरी एवं शोध केंद्र में विभाजन विभीषिका पर आधारित तीन दिवसीय विशेष फोटो एवं फिल्म प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
प्रदर्शनी 14, 15 और 16 अगस्त को सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में वर्ष 1947 में भारत विभाजन के दौरान विस्थापन, संघर्ष और पीड़ा झेलने वाले लाखों लोगों की स्मृतियों और इतिहास के मार्मिक प्रसंगों को प्रदर्शित किया जाएगा।
इस प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को विभाजन के दौर की परिस्थितियों और उससे जुड़ी मानवीय त्रासदी को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। इसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को उस दौर के इतिहास और पीड़ित परिवारों की स्मृतियों से परिचित कराना है।
नगर निगम में होगा भव्य कवि सम्मेलन
वहीं, 14 अगस्त की शाम 6:30 बजे जुगमन्दर हॉल, नगर निगम देहरादून में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सरोकारों पर आधारित भव्य कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया जाएगा।
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी प्रतिभाग करेंगे।
विभाजन पीड़ितों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित करने के निर्देश
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 के विभाजन की विभीषिका झेलने वाले लोगों को कार्यक्रम में सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाए, ताकि उनकी स्मृतियों और अनुभवों को समाज के सामने लाया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि विभाजन की त्रासदी केवल इतिहास का एक अध्याय नहीं, बल्कि लाखों परिवारों के जीवन से जुड़ी पीड़ा है। इसे स्मरण करना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नई पीढ़ी को इस इतिहास से परिचित कराने के लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में वाद-विवाद, क्विज, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही शहर में स्थापित एलईडी स्क्रीन के माध्यम से विभाजन विभीषिका से संबंधित लघु फिल्मों का प्रसारण करने को भी कहा गया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने तथा सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश चन्द्र तिवारी, एसडीएम रवीन्द्र ज्वांठा, डीडीओ सुनील कुमार, जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसपाल चौहान सहित संस्कृति, शिक्षा एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
