15 अगस्त को जिलेभर के शिक्षण संस्थानों में दिलाई जाएगी ‘कन्या भ्रूण संरक्षण प्रतिज्ञा’

 

 

देहरादून। बाल लिंगानुपात में सुधार और बेटियों के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से देहरादून जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में 15 अगस्त 2026 को ‘कन्या भ्रूण संरक्षण प्रतिज्ञा (Save The Girl Child Pledge)’ दिलाई जाएगी।

 

जिला समुचित प्राधिकारी, पीसीपीएनडीटी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने इस संबंध में मुख्य शिक्षा अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों के तहत जिले के सभी डिग्री कॉलेजों, विद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने स्तर पर यह प्रतिज्ञा दिलाना सुनिश्चित किया जाएगा।

 

लिंग भेद के खिलाफ जागरूकता पर जोर

 

प्रतिज्ञा के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों को लिंग भेद तथा कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने का संकल्प दिलाया जाएगा। साथ ही बेटियों को बेटों के समान प्यार, पोषण, सुरक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

 

इस अभियान के तहत बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन के लिए लगातार प्रयास करने तथा घर और समाज में ऐसा सकारात्मक वातावरण तैयार करने का संदेश दिया जाएगा, जहां प्रत्येक बेटी स्वयं को सुरक्षित महसूस करे और गरिमा व सम्मान के साथ जीवन जी सके।

 

अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने की अपील

 

जिला प्रशासन ने सभी शैक्षणिक संस्थानों से अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। प्रशासन ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य कार्मिकों को अधिक से अधिक संख्या में इस पहल से जोड़कर कन्या भ्रूण संरक्षण और बेटी के सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया है।

 

प्रशासन का मानना है कि शिक्षण संस्थानों के माध्यम से नई पीढ़ी को जागरूक कर समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को और मजबूत किया जा सकता है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *