नई टिहरी। प्रतापनगर क्षेत्र की पट्टी रौणद रमोली के ग्राम भरपूर में रविवार सुबह गुलदार ने 16 वर्षीय बालक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। घायल बालक को परिजनों ने तत्काल सीएचसी चौंड पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे छुट्टी दे दी।
जानकारी के अनुसार भरपूर गांव निवासी शिव सिंह कलूड़ा का 16 वर्षीय बेटा नैतिक रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे गाय को जंगल में चराने के लिए ले जा रहा था। घर से महज 10 मीटर की दूरी पर घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उस पर हमला कर दिया।
शोर सुनकर ग्रामीणों ने बचाया
गुलदार के हमले से घबराए नैतिक ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर गुलदार को भगाया, जिसके बाद बालक को उसके चंगुल से बचाया जा सका। ग्रामीणों ने घायल नैतिक को तत्काल सीएचसी चौंड पहुंचाया।
चिकित्सकों की जांच में उसकी पीठ, हाथ और घुटने पर गुलदार के नाखून के निशान मिले। डॉक्टरों के अनुसार चोटें सामान्य हैं। प्राथमिक उपचार के बाद बालक को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
वन विभाग ने गांव में बढ़ाई गश्त
घटना की सूचना मिलते ही वन रेंजर पूजा चौहान टीम के साथ भरपूर गांव पहुंचीं। उन्होंने घायल बालक का हालचाल जाना और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ग्रामीणों से भी जानकारी ली।
वन रेंजर पूजा चौहान ने बताया कि बरसात के मौसम में गांव और जंगल के आसपास झाड़ियां काफी घनी हो जाती हैं। इससे गुलदारों को छिपने के लिए पर्याप्त जगह मिलती है और वे घात लगाकर लोगों या पशुओं पर हमला कर सकते हैं।
उन्होंने ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए बताया कि घटना के बाद भरपूर गांव में गश्ती टीम तैनात कर दी गई है। टीम गांव और आसपास के क्षेत्रों में लगातार गश्त कर गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखेगी।
वन विभाग ने ग्रामीणों से बच्चों को अकेले बाहर नहीं भेजने और मवेशियों को सुरक्षित रखने की अपील की है।
ग्रामीणों ने की आर्थिक सहायता और सुरक्षा की मांग
ग्राम प्रधान आरती देवी ने गुलदार के हमले में घायल बालक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोगों को बच्चों तथा मवेशियों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है।
ग्राम प्रधान ने वन विभाग से गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने और गांव में लगातार गश्त टीम तैनात रखने की मांग की है।
