देहरादून। लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने शुक्रवार को मसूरी-कोलूखेत क्षेत्र में पानी वाले बैंड के पास भारी बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क और देहरादून-मसूरी राज्य मार्ग पर निर्माणाधीन डबल लेन पुल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि यातायात जल्द से जल्द सुचारु किया जा सके।
मंत्री ने बताया कि 20 जुलाई 2026 की रात देहरादून-मसूरी राज्य मार्ग संख्या-1 पर पानी वाले मोड़ के समीप करीब 20 मीटर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे मार्ग की चौड़ाई घटकर लगभग 2.5 मीटर रह गई। विभाग ने तत्काल जेसीबी मशीनों की मदद से मरम्मत कार्य शुरू कर दिया था। वर्तमान में अतिरिक्त पहाड़ी कटान की प्रक्रिया भी जारी है, ताकि मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड की स्लोप ट्रीटमेंट विशेषज्ञ संस्था यूएसएसडीएमसी (USSDMC) द्वारा मोटर मार्ग के किलोमीटर 20 और 25 पर निरीक्षण किया गया है, जिससे आवश्यक सुरक्षा कार्य शीघ्र शुरू किए जा सकें।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने देहरादून-मसूरी राज्य मार्ग के किलोमीटर-18 पर क्षतिग्रस्त सिंगल लेन पुल के स्थान पर बन रहे 60 मीटर स्पैन के डबल लेन स्टील बॉक्स ब्रिज के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की। लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पुल का फैब्रिकेशन कार्य पूरी तरह पूरा हो चुका है और ग्राउंड इरेक्शन का कार्य तेजी से चल रहा है। इसे 30 जुलाई 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
निर्माण की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया गया कि देहरादून की ओर सात पाइलों की खुदाई और कंक्रीटिंग का कार्य पूरा हो चुका है तथा शेष दो पाइलों का कार्य भी 30 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। वहीं मसूरी की ओर नौ पाइलों में से तीन का कार्य पूरा हो चुका है और बाकी पाइलों पर तेजी से काम जारी है। कार्य में गति लाने के लिए देहरादून की ओर रिंग मशीन से खुदाई भी कराई जा रही है।
