राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान देहरादून में ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ का शुभारंभ, 31 जुलाई तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम

 

देहरादून। राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (एनएसटीआई) देहरादून में गुरुवार को ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ का शुभारंभ किया गया। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, नई दिल्ली तथा डायरेक्टरेट जनरल ऑफ ट्रेनिंग के निर्देशानुसार यह अभियान 16 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक देशभर में आयोजित किया जा रहा है।

 

कार्यक्रम में एनएसटीआई देहरादून और एनआईईएसबीयूडी (NIESBUD) के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता बनाए रखने और स्वच्छ भारत मिशन की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

 

लोकपर्व हरेला के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष सेल्फी बूथ भी लगाया गया। प्रतिभागियों ने सेल्फी लेकर स्वच्छता अभियान के प्रति अपना समर्थन जताया और लोगों को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं ने संस्थान, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ, हरित एवं सुंदर बनाए रखने की सामूहिक शपथ ली। उन्होंने स्वच्छ, स्वस्थ और सतत भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

 

स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत एनएसटीआई देहरादून में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी और भागीदारी की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *