गोपेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित सेवा, सुशासन एवं समर्पण सेवा पखवाड़े के तहत जनपद चमोली को ₹155.36 करोड़ की 63 विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने ₹113.99 करोड़ की 36 योजनाओं का शिलान्यास और ₹41.37 करोड़ की 27 योजनाओं का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पशुपालन, पर्यटन और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चमोली के समग्र विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

सड़क, पुल और बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं पर विशेष जोर
शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में जोशीमठ-नीति मार्ग के जुग्जू में स्टील ट्रस पुल, लंगसी-द्वींग-तपोवन-लांजी-पोखनी मोटर मार्ग पर 78 मीटर लंबे लौह सेतु, विभिन्न मोटर मार्गों का निर्माण एवं विस्तार, नंदानगर क्षेत्र की 13 पर्वतीय नहरों का पुनरोद्धार तथा कई बाढ़ सुरक्षा परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा मॉडल राजकीय पशु चिकित्सालय नंदप्रयाग, पशु चिकित्सालय तलवाड़ी, सामुदायिक भवन, पार्किंग, विद्यालय भवन, स्टील गर्डर सेतु और विभिन्न ग्रामीण सड़क परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया।
स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और पर्यटन को मिली मजबूती
मुख्यमंत्री ने जिन योजनाओं का लोकार्पण किया, उनमें गैरसैंण मुख्य मार्ग पर इंटरलॉकिंग टाइल्स, कई मोटर मार्गों का निर्माण एवं डामरीकरण, जिला चिकित्सालय चमोली और बीपीएचयू पोखरी में डीआईपीएचएल भवन, विद्यालयों में पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशालाएं एवं आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष, बैरागना ट्राउट इंडोर हैचरी, गोपेश्वर स्पोर्ट्स स्टेडियम में दो कोर्ट वाला बैडमिंटन हॉल, कल्पेश्वर पाथवे एवं आर्क ब्रिज तथा विभिन्न मोटर मार्गों का अपग्रेडेशन शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से चमोली में सड़क संपर्क बेहतर होगा, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाएं मजबूत होंगी, खेल एवं पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।
