चमोली। गौचर स्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 8वीं वाहिनी में ‘हैप्पी आवर्स’ कार्यक्रम के अंतर्गत भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सेनानी मनोहर सिंह रावत के मार्गदर्शन एवं एचडब्ल्यूडब्ल्यूए (HWWA) की मुख्य संरक्षिका अंजना रावत की अध्यक्षता में हुआ।

कार्यक्रम में महानिरीक्षक (एम एंड एस.आई.) औली श्री अखिलेश सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनका पारंपरिक स्वागत पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर किया गया। इस अवसर पर हिमवीरों, हिमवीरांगनाओं और उनके परिवारों ने उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों की लोक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। रंगारंग नृत्य, समूह गीत और देशभक्ति कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया तथा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और “विविधता में एकता” का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बल के जवानों और उनके परिवारों के बीच आत्मीयता, आपसी सहयोग और सांस्कृतिक समन्वय को मजबूत करने के साथ मनोबल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने परिवारों के कल्याण और सामाजिक समरसता के लिए HWWA के प्रयासों की भी प्रशंसा की।

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। समारोह में अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
