देहरादून में 11 जुलाई से सजेगा ‘लोक संवर्धन पर्व’, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे उद्घाटन

 

 

देहरादून। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू शनिवार, 11 जुलाई को देहरादून के परेड ग्राउंड में पांच दिवसीय ‘लोक संवर्धन पर्व’ के छठे संस्करण का उद्घाटन करेंगे। भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और उत्तराखंड सरकार के सहयोग से आयोजित यह महोत्सव 15 जुलाई तक चलेगा और आम जनता के लिए निःशुल्क खुला रहेगा।

 

उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है, जहां प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन (पीएम विकास) योजना के तहत लोक संवर्धन पर्व का आयोजन राज्य सरकार के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास सहित केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।

 

महोत्सव में देशभर के कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों को अपनी कला एवं उत्पादों के प्रदर्शन का अवसर मिलेगा। यहां करीब 150 प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें 40 प्रतिशत स्टॉल उत्तराखंड की पारंपरिक कला, शिल्प और स्थानीय उत्पादों के लिए आरक्षित होंगे। इसके अलावा विभिन्न राज्यों के हस्तशिल्प, हथकरघा और पारंपरिक उत्पादों का भी प्रदर्शन किया जाएगा।

आयोजन में लाइव शिल्प प्रदर्शन, खरीदार-विक्रेता संवाद, उद्यमिता एवं डिजिटल मार्केटिंग सत्रों का आयोजन होगा। साथ ही 20 फूड स्टॉलों पर देश के विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी मिलेगा।

 

महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में देश के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उद्घाटन दिवस पर गजल गायक तलत अजीज प्रस्तुति देंगे, जबकि अन्य दिनों में ज्योति नूरां, किशन महिपाल, माया उपाध्याय, पांडवाज बैंड और परमिश वर्मा सहित कई कलाकार कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

 

अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने नागरिकों, पर्यटकों और कला प्रेमियों से 11 से 15 जुलाई तक परेड ग्राउंड देहरादून में आयोजित इस महोत्सव में पहुंचकर देश की समृद्ध कला, संस्कृति और पाक विरासत का अनुभव करने की अपील की है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *