देहरादून में 26 जुलाई को धूमधाम से मनाया जाएगा कारगिल विजय दिवस, सीएम करेंगे शहीद परिवारों का सम्मान

देहरादून। राजधानी देहरादून में 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस को ‘शौर्य दिवस’ के रूप में भव्य और गरिमामय ढंग से मनाया जाएगा। गांधी पार्क में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कारगिल शहीदों के परिजनों, वीरांगनाओं और वीर माताओं को सम्मानित करेंगे।

आयोजन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को अपर जिलाधिकारी (एफआर) के.के. मिश्रा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

शौर्य दिवस के अवसर पर 25 जुलाई की शाम से शहर के प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा। मुख्य समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति और देशभक्ति की भावना को भी प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा स्कूली छात्रों के लिए पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी तथा विजेताओं को समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में सैनिक कल्याण, परिवहन, नगर निगम, पुलिस, ट्रैफिक और अन्य विभागों को शहीद परिवारों के आवागमन, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, सफाई, पेयजल, टेंट, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्यक्रम गरिमापूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *