ऋषिकेश। आईडीपीएल ग्राउंड में शनिवार को आयोजित ‘सेवा पखवाड़ा‘ कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में 20 हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया, जबकि 3,500 से अधिक लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला।
बहुउद्देशीय शिविर में देहरादून, हरिद्वार और टिहरी के विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर नागरिकों को सेवाएं उपलब्ध कराईं। स्वास्थ्य शिविर में 1,009 मरीजों की जांच और उपचार किया गया। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड, आभा कार्ड, एक्स-रे, रक्त जांच, टीकाकरण और आयुष चिकित्सा सहित कई स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।

समाज कल्याण विभाग ने 75 लोगों की पेंशन स्वीकृत की, 10 यूडीआईडी कार्ड जारी किए और 280 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए। वहीं कृषि, उद्यान, उद्योग, डेयरी, मत्स्य, रेशम, पशुपालन और बैंकिंग से जुड़ी योजनाओं का लाभ 1,200 से अधिक लोगों को दिया गया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूहों, लघु उद्योगों और विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने पांच स्वयं सहायता समूहों को पांच-पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। साथ ही कौशल विकास विभाग के माध्यम से जापान में रोजगार के लिए चयनित तीन युवाओं और विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट लाभार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
