देहरादून। देहरादून अकादमी ऑफ डांस द्वारा टाउन हॉल ऑडिटोरियम में आयोजित 35 दिवसीय डांस प्रशिक्षण शिविर **‘कैम्प-26’** का रंगारंग समापन हुआ। समापन समारोह में जूनियर और सीनियर वर्ग के 36 प्रतिभागियों ने 200 से अधिक दर्शकों के सामने शानदार नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं।
अकादमी के निदेशक एवं डांस गुरु **क्षितिज** ने बताया कि कार्यक्रम में जूनियर टीम ने रेट्रो थीम पर आधारित बॉलीवुड गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। इसके साथ ही प्रतिभागियों ने उन्नत योग आसनों का प्रदर्शन और **भगवद्गीता** के बारह अध्यायों के श्लोकों का पाठ कर दर्शकों को भारतीय संस्कृति से भी रूबरू कराया।

वहीं सीनियर टीम ने लोकप्रिय वेब सीरीज **‘स्ट्रेंजर थिंग्स’** की थीम पर आधारित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। आधुनिक नृत्य, अभिनय और मंचीय प्रस्तुति का यह संयोजन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा।
क्षितिज ने बताया कि शिविर में प्रशिक्षक सनी, शिनकाई, ऋषिता, निधि, प्रतिभा, साहिल, सौरभ, समीर और निशा ने विद्यार्थियों को विभिन्न नृत्य शैलियों का प्रशिक्षण दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार प्रतिभागियों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में अकादमी के सलाहकार **एस.के. चोपड़ा** ने प्रतिभागियों, अभिभावकों, प्रशिक्षकों और आयोजन टीम की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक और भव्य आयोजनों के निरंतर आयोजन की उम्मीद जताई।
