उत्तराखंड। कोतवाली नगर पुलिस ने शिवमूर्ति चौक क्षेत्र में आपसी विवाद, मारपीट और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और होटल, ढाबों, धर्मशालाओं सहित अन्य स्थानों की सुरक्षा जांच के दौरान मायापुर चौकी पुलिस शिवमूर्ति चौक से रेलवे गेट की ओर गश्त कर रही थी। इसी दौरान दो पक्षों की महिलाएं आपस में गाली-गलौज, मारपीट और हंगामा करती मिलीं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच आने-जाने वाले लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस टीम ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया और शांति भंग होने की आशंका के मद्देनजर चारों महिलाओं को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट, उपनिरीक्षक ऋषिकांत पतवाल, महिला उपनिरीक्षक हेमलता पाण्डेय, महिला कांस्टेबल मुन्नी राणा, महिला होमगार्ड प्रीति तथा कांस्टेबल सचिन की टीम ने संयुक्त रूप से की।
कोतवाली नगर पुलिस ने कहा है कि जनपद में कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
