मूसलाधार बारिश और बादल फटने से मयूंडा क्षेत्र में भारी तबाही, किसानों को बड़ा नुकसान

चकराता। पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश और बादल फटने की घटना ने चकराता विकासखंड के ग्राम सभा मयूंडा क्षेत्र में व्यापक तबाही मचाई है। प्राकृतिक आपदा के चलते चाईला छानी, नाईगढ़, गढ़ाड़ी, मीजुका तथा मिगाड़ क्षेत्रों में किसानों की कृषि भूमि, क्यारियां और नगदी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। कई स्थानों पर खेतों के कटाव होने से किसानों को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार आपदा के कारण पशुधन को भी नुकसान पहुंचा है, जिससे प्रभावित परिवारों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।

आपदा की सूचना मिलते ही पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान मधु चौहान ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

उन्होंने प्रशासन से भी आपदा प्रभावित क्षेत्रों का शीघ्र सर्वेक्षण कर नुकसान का आकलन करने तथा पीड़ित किसानों और परिवारों को उचित मुआवजा एवं राहत उपलब्ध कराने की मांग की।

ग्रामीणों ने भी सरकार और प्रशासन से तत्काल राहत एवं पुनर्वास कार्य शुरू करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *