मालसी रेंज में चला स्वच्छता अभियान, पर्यटकों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील

 

देहरादून।    वन प्रभाग के अंतर्गत आने वाली मालसी रेंज में वन विभाग द्वारा वन क्षेत्रों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान लंबीधार–किमाड़ी मार्ग और उसके आसपास स्थित वन क्षेत्रों में आयोजित किया गया, जहां बड़ी मात्रा में फैले कूड़ा-कचरे को एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य वन क्षेत्रों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखना था ताकि पर्यावरण और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

अभियान में वन विभाग की ओर से कविता और मोहित सौंद सहित मालसी रेंज के अन्य कार्मिकों तथा क्षेत्र में तैनात फायर वाचरों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। टीम ने एलकेडी मार्ग और आसपास के जंगलों में फैले प्लास्टिक, कांच, थर्माकोल और अन्य अजैविक अपशिष्ट पदार्थों को एकत्र किया। वन विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि वन क्षेत्रों में बढ़ते प्रदूषण को रोकने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए समय-समय पर इस प्रकार के अभियान चलाए जाते हैं।

वन विभाग के अनुसार यह अभियान प्रभागीय वनाधिकारी, देहरादून के निर्देशानुसार संचालित किया गया। विभाग ने बताया कि पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों द्वारा जंगलों में फेंका गया कचरा न केवल प्राकृतिक सौंदर्य को प्रभावित करता है, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। कई बार प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट पदार्थ वन्यजीवों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं।

वन विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे वन क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखें और कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फैलाएं। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि वन कानूनों के तहत जंगलों में गंदगी फैलाने या पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। अधिकारियों ने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *