बदरीनाथ-केदारनाथ में प्रोटोकॉल दर्शन के लिए अब चुकाने होंगे 1100 रुपये, आज से नई व्यवस्था लागू

चमोली। चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में वीआईपी (प्रोटोकॉल) दर्शन की व्यवस्था में एक बड़ा बदलाव किया गया है। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने प्रोटोकॉल दर्शन के लिए अब प्रति व्यक्ति 1100 रुपये की सहयोग राशि निर्धारित कर दी है। यह नई व्यवस्था आज 29 मई 2026 से प्रभावी हो गई है।
मंदिर समिति बीकेटीसी की ओर से जारी आधिकारिक कार्यालय आदेश के अनुसार, राज्य सरकार से प्राप्त प्रोटोकॉल सूचना के आधार पर जिला प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा एक ‘प्रोटोकॉल पर्ची’ जारी की जाएगी। इस पर्ची के माध्यम से ही श्रद्धालुओं को प्राथमिकता के आधार पर सुगम दर्शन कराए जाएंगे। दर्शन के लिए आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु से 1100 रुपये की सहयोग राशि ली जाएगी, जिसके बदले उन्हें बाकायदा रसीद भी सौंपी जाएगी।
मंदिर समिति का कहना है कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। भारी भीड़ के बीच आम श्रद्धालुओं के दर्शन पर कम से कम प्रभाव पड़े और व्यवस्था सुचारू रूप से चले, इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए यह बड़ा निर्णय लिया गया है। 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और समिति द्वारा पहले से स्वीकृत विशिष्ट व्यक्तियों के लिए पुरानी व्यवस्था ही लागू रहेगी।राज्य अतिथियों और उनके परिवारों को इस निर्धारित सहयोग राशि से पूरी छूट दी जाएगी।
नई व्यवस्था के तहत प्रोटोकॉल कार्यालय को अब मंदिर समिति के नीलकंठ विश्रामगृह में स्थानांतरित कर दिया गया है। इसके साथ ही, प्रोटोकॉल पर्ची के माध्यम से दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को सिंहद्वार के बाईं ओर स्थित सीढ़ियों से मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *