अल्मोडा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज अल्मोड़ा की धरती से विकास का बड़ा संदेश देते हुए करीब 138 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के नवीन प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पर्वतीय क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और नगर विकास से जुड़ी ये योजनाएं केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि लोगों के जीवन को आसान बनाने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांव से लेकर शहर तक हर व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।

इस दौरान अल्मोड़ा को बहुस्तरीय पार्किंग, पेयजल योजनाएं, सड़क सुधारीकरण, बाढ़ सुरक्षा कार्य और शैक्षिक संस्थानों के विकास जैसी कई अहम परियोजनाओं की सौगात मिली। खासतौर पर विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन और कुलपति आवास निर्माण कार्य को क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्मोड़ा केवल सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान ही नहीं, बल्कि पर्यटन और शिक्षा का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। सरकार यहां की जरूरतों के अनुरूप विकास योजनाओं को प्राथमिकता दे रही है, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और रोजगार के अवसर बढ़ें।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, कुलपति सतपाल सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी अंशुल सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
इन योजनाओं के जरिए अल्मोड़ा में आधारभूत सुविधाओं को नई मजबूती मिलने के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
