पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कर्णप्रयाग में गरजे कर्मचारी, निकाली विशाल ‘पेंशन हुंकार रैली

 

 

चमोली।  राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के तत्वावधान में आज जनपद चमोली के कर्णप्रयाग में पुरानी पेंशन योजना की बहाली को लेकर एक विशाल ‘पेंशन हुंकार रैली’ का आयोजन किया गया। नई पेंशन योजना और एकीकृत पेंशन योजना के विरोध में आयोजित इस महारैली में प्रदेश के विभिन्न जिलों सहित चमोली जनपद के सभी नौ विकासखंडों से आए हजारों शिक्षकों और सरकारी कर्मचारियों ने हिस्सा लिया और सरकार के खिलाफ जोरदार आवाज बुलंद की।

रैली को संबोधित करते हुए कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि संविधान में निहित लोक कल्याणकारी राज्य की अवधारणा के तहत सरकारों को कर्मचारियों के बुढ़ापे के सहारे को सुरक्षित करना चाहिए। वक्ताओं ने मांग की कि बाजार आधारित NPS और हाल ही में घोषित UPS को तत्काल समाप्त किया जाए और 1 अक्टूबर 2004 के बाद नियुक्त देश और प्रदेश के सभी शासकीय शिक्षकों व कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना के दायरे में लाया जाए।

कर्णप्रयाग की सड़कों पर आज सुबह से ही कर्मचारियों का हुजूम उमड़ पड़ा था। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए कर्मचारी अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर रहे थे, जिससे पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा,रैली के शांतिपूर्ण और सफल संपादन के बाद ‘नोप्रुफ’ चमोली की कोर कमेटी तथा राजकीय शिक्षक संघ जनपद चमोली के शीर्ष नेतृत्व ने रैली में पहुंचे सभी शिक्षक-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। संगठन ने चेताया कि यदि सरकार ने कर्मचारियों की इस पुरजोर मांग पर जल्द ही कोई ठोस सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *