देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए ऊर्जा संसाधनों की बचत करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई अपील केवल आर्थिक बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए छोटे-छोटे संकल्प ले, तो यह देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में बड़ा योगदान साबित होगा। उन्होंने अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचने, स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने, पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग बढ़ाने, ऊर्जा संरक्षण अपनाने तथा खाद्य तेल के संयमित उपयोग की अपील की।
उन्होंने कहा कि खेती में रासायनिक उर्वरकों के बजाय प्राकृतिक खाद के इस्तेमाल को बढ़ावा देना भी आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अहम कदम है। साथ ही उन्होंने एक वर्ष तक स्वर्ण आभूषणों की खरीद से बचने का भी आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के नागरिक हमेशा राष्ट्रहित में अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” का संकल्प तभी सफल होगा, जब हर नागरिक अपने स्तर पर सक्रिय भागीदारी निभाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य की जनता प्रधानमंत्री के आह्वान को जनआंदोलन का रूप देगी और देश आत्मनिर्भरता की दिशा में और अधिक तेजी से आगे बढ़ेगा।
