UPCL एमडी ने चम्पावत में की विद्युत परियोजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य पूरे करने के निर्देश

 

चम्पावत। उत्तराखण्ड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने शनिवार को कुमाऊँ क्षेत्र का भ्रमण कर विद्युत व्यवस्थाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने हल्द्वानी और चम्पावत में अधिकारियों के साथ बैठक कर गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

चम्पावत में आयोजित बैठक में अमोड़ी और ललुवापानी में प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्रों की स्थापना, ककराली गेट से मां पूर्णागिरि धाम तक स्ट्रीट लाइट लगाने, दूरस्थ क्षेत्रों के विद्युतीकरण तथा मुख्य बाजार में विद्युत लाइनों को भूमिगत करने जैसी परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। उन्होंने सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए उन्हें तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

 

भ्रमण के दौरान प्रबंध निदेशक ने जिलाधिकारी से भी मुलाकात कर प्रस्तावित विद्युत परियोजनाओं पर चर्चा की। जिलाधिकारी ने अमोड़ी और ललुवापानी में बनने वाले विद्युत उपकेंद्रों के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

प्रबंध निदेशक ने विशेष रूप से ककराली गेट से पूर्णागिरि धाम तक स्ट्रीट लाइट कार्य 30 अक्टूबर से पहले पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को विश्वसनीय और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना यूपीसीएल की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी विकास कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएंगे।

 

बैठक में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी सहित जनप्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव दिए। इस दौरान यूपीसीएल के कार्यकारी निदेशक (तकनीकी) एस.के. टम्टा, मुख्य अभियंता एन.एस. टोलिया, अधीक्षण अभियंता डी.के. जोशी, अधिशासी अभियंता विजय सकारिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *