भाजपा पर बरसे गणेश गोदियाल, कहा- “दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए”

श्रीनगर।  गणेश गोदियाल ने अंकिता भंडारी प्रकरण और चंपावत में हाल ही में सामने आए नाबालिग से जुड़े मामले को बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

श्रीनगर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोदियाल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों से सत्ता में रहने के बाद भाजपा का रवैया तानाशाहीपूर्ण हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से हर वर्ग परेशान है और प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है।

गोदियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार पूर्ववर्ती सरकारों और नेताओं की आलोचना करने में लगे रहते हैं, जबकि देश के विकास में कांग्रेस का ऐतिहासिक योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश में नवरत्न कंपनियों की स्थापना, आईआईटी और केंद्रीय विश्वविद्यालयों जैसे संस्थानों के निर्माण में कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य किया और कभी धर्म या जाति के नाम पर लोगों को बांटने की राजनीति नहीं की। वहीं भाजपा पर समाज और राजनीतिक दलों के भीतर विभाजन पैदा करने का आरोप लगाया।

कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान करते हुए गोदियाल ने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों और “झूठ” को जनता के सामने लाकर उसे सत्ता से बाहर करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *