रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता में जुटी रुद्रप्रयाग पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और सेवा भावना का परिचय दिया है। बुधवार को यात्रा मार्ग पर हुई एक घटना में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से गुजरात के एक श्रद्धालु का खोया हुआ कीमती सामान सुरक्षित वापस दिलाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुजरात के आनंद सिटी निवासी श्रद्धालु विष्णु प्रजापति केदारनाथ धाम के दर्शन कर लौट रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपना बैग एक पिट्ठू (भारवाहक) को सौंप दिया, लेकिन जल्दबाजी में उसका मोबाइल नंबर या पहचान विवरण लेना भूल गए। कुछ समय बाद संपर्क न होने पर वे बैग में रखे दो मोबाइल फोन, नकदी और अन्य कीमती सामान को लेकर चिंतित हो गए।
मामले की सूचना मिलते ही भीमबली चौकी प्रभारी अपर उपनिरीक्षक यशपाल सिंह ने तुरंत संज्ञान लिया और स्थानीय स्तर पर खोजबीन शुरू कर दी। उनकी सक्रियता और सूझबूझ के चलते मात्र एक घंटे के भीतर संबंधित पिट्ठू को ढूंढ लिया गया। इसके बाद श्रद्धालु को उनका पूरा सामान सुरक्षित लौटा दिया गया।
अपना खोया सामान वापस पाकर विष्णु प्रजापति ने खुशी जाहिर करते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस की त्वरित कार्यप्रणाली और मानवीय सेवा की सराहना की।
इस अवसर पर रुद्रप्रयाग पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पिट्ठू, डांडी-कांडी या घोड़ा-खच्चर संचालकों का नाम, पहचान और मोबाइल नंबर अवश्य नोट करें। पुलिस ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
