बैसाखी पर्व पर घोषित होंगी मद्महेश्वर व तुंगनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथियां

ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। बैसाखी के पावन अवसर पर आज द्वितीय केदार मद्महेश्वर मंदिर एवं तृतीय केदार तुंगनाथ मंदिर के कपाट खुलने की तिथियों की घोषणा की जाएगी। इसके साथ ही चल विग्रह उत्सव डोलियों के शीतकालीन गद्दी स्थलों से धाम प्रस्थान का शुभ मुहूर्त भी तय किया जाएगा।

धार्मिक परंपराओं के अनुसार प्रत्येक वर्ष बैसाखी के दिन विद्वान आचार्यों एवं तीर्थ पुरोहितों की उपस्थिति में पंचांग का गहन अध्ययन कर कपाट उद्घाटन की तिथियां निर्धारित की जाती हैं। इस अवसर पर दोनों शीतकालीन गद्दी स्थलों पर विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के प्रभारी अधिकारी डीएस भुजवान ने जानकारी देते हुए बताया कि द्वितीय केदार मद्महेश्वर के कपाट खुलने की तिथि तथा उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर से धाम के लिए प्रस्थान का शुभ मुहूर्त बैसाखी पर्व पर पंचांग गणना के आधार पर घोषित किया जाएगा। यह घोषणा मंदिर समिति के पदाधिकारियों, विद्वान आचार्यों एवं हक-हकूकधारियों की उपस्थिति में की जाएगी।

वहीं, तुंगनाथ धाम के प्रबंधक बलवीर सिंह नेगी ने बताया कि तृतीय केदार तुंगनाथ के कपाट खुलने की तिथि एवं उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ से धाम के लिए प्रस्थान का मुहूर्त भी आज ही पंचांग के अनुसार घोषित किया जाएगा। इस दौरान विद्वान आचार्यों एवं हक-हकूकधारियों की मौजूदगी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *