देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून दौरे एवं दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को अंतिम समय तक सतर्क एवं समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी जोनल अधिकारी अपने अधीन सेक्टर एवं नोडल अधिकारियों को दायित्वों के प्रति स्पष्ट रूप से ब्रीफ करें, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को पुनः स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल, पेयजल विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने और सेफ्टी सर्टिफिकेट उपलब्ध कराने को कहा गया है।
कार्यक्रम स्थल पर मुख्य मंच की व्यवस्थाओं को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। डाइस प्लान, एनएचएआई के माध्यम से एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण, एंकरिंग, साउंड सिस्टम, एलईडी स्क्रीन तथा मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सभी तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। साथ ही ग्रीन रूम में इंटरनेट, फैक्स लाइन और प्रोटोकॉल के अनुरूप व्यवस्थाएं करने को कहा गया है।
पंडाल में अतिथियों के बैठने, जलपान, वाहन पार्किंग, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करते हुए पर्याप्त एंबुलेंस तैनात करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दिन सभी अधिकारी समय से अपने ड्यूटी प्वाइंट पर मौजूद रहें। आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक प्रस्तावित भ्रमण मार्ग पर सुरक्षा, सुगमता और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। साथ ही जॉलीग्रांट एयरपोर्ट और जीटीसी हेलीपैड की व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त रखा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के गणेशपुर से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर देहरादून में भी विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन ने पूरे मार्ग को 13 जोनों में विभाजित कर जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती के साथ सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
