हल्द्वानी: CM Dhami ने शनिवार को सर्किट हाउस, हल्द्वानी में नैनीताल जनपद के प्रशासनिक, पुलिस, वन एवं विकास विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मानव-वन्यजीव संघर्ष, पर्यटन सीजन की तैयारियों, कानून-व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, सिंचाई और जमरानी बांध परियोजना की प्रगति पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में Deepak Rawat ने जानकारी दी कि आगामी Adi Kailash Yatra के लिए 1 मई से पिथौरागढ़ प्रशासन द्वारा इनर लाइन पास जारी किए जाएंगे। कैंचीधाम बाईपास का निर्माण कार्य प्रगति पर है और 30 मई तक इसे शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि मेट्रोपोल पार्किंग का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।

मुख्यमंत्री ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए स्थायी समाधान खोजने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर फेंसिंग लगाने, वन विभाग और पुलिस की संयुक्त क्विक रिस्पॉन्स टीम को 24×7 सक्रिय रखने और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर जोर दिया।
सीएम ने कहा कि नैनीताल प्रदेश का प्रमुख पर्यटन केंद्र है, इसलिए पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने रामनगर, हल्द्वानी, कालाढूंगी और नैनीताल क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए उन्होंने सड़कों को गड्ढा मुक्त रखने, ट्रैफिक प्रबंधन मजबूत करने, शटल सेवा और वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हुड़दंग, नशाखोरी और ओवरचार्जिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे तराई-भावर क्षेत्र में पेयजल संकट दूर होगा, भूजल स्तर बढ़ेगा और बाढ़ नियंत्रण में मदद मिलेगी। उन्होंने परियोजना को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाए जाने के प्रस्ताव को शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जनप्रतिनिधियों से भी फीडबैक लिया गया और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।
