डिप्लोमा इंजीनियर्स की हड़ताल के बीच सीएम धामी से वार्ता, मांगों पर बनी सब-कमेटी


देहरादून: उत्तराखंड में चल रही डिप्लोमा इंजीनियर्स की हड़ताल के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के पदाधिकारियों ने मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की।

महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष 27 सूत्रीय मांगें रखीं, जिनमें पदोन्नति, वेतनमान में सुधार और पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने जैसे प्रमुख मुद्दे शामिल रहे। प्रतिनिधियों ने कहा कि लंबे समय से लंबित इन मांगों के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि राज्य सरकार उनका सकारात्मक रूप से परीक्षण करेगी। उन्होंने बताया कि इन मुद्दों के समाधान के लिए एक सब-कमेटी का गठन किया जाएगा, जो सभी बिंदुओं का गहन अध्ययन कर जल्द अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार संवाद और समन्वय के माध्यम से समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को सुचारू बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और राज्य के विकास कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए सभी पक्षों को सकारात्मक रुख अपनाना चाहिए।

उन्होंने इंजीनियर्स महासंघ से अपील की कि वे जनहित को ध्यान में रखते हुए सहयोग करें और वार्ता प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि जल्द से जल्द समाधान निकल सके। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार डिप्लोमा इंजीनियर्स की मांगों के प्रति संवेदनशील है और उनके समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *