देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायकगणों द्वारा उठाई जा रही जन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। जिन कार्यों का समाधान शीघ्र संभव है, उनमें किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि विकास कार्यों में लापरवाही या देरी करने वालों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, हेली एंबुलेंस की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं।
बैठक में मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि मानसून से पहले बाढ़ नियंत्रण से संबंधित सभी कार्य समय पर पूरे कर लिए जाएं। इसके साथ ही आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने पर जोर दिया।
उन्होंने वन विभाग में लंबित मामलों की अलग से समीक्षा करने और होटल एसोसिएशन के साथ नियमित बैठक कर वाणिज्यिक सिलेंडरों से संबंधित समस्याओं का समाधान करने के निर्देश भी दिए।
