केदारनाथ यात्रा की तैयारियां तेज, पैदल मार्ग से बर्फ हटाने के बाद घोड़े-खच्चरों की आवाजाही शुरू

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पैदल मार्ग से बर्फ हटाने के बाद अब मालवाहक घोड़े-खच्चरों की आवाजाही भी शुरू हो गई है, जिससे यात्रा व्यवस्थाओं को गति मिलने लगी है।

पिछले एक सप्ताह से डीडीएमए के मजदूर लगातार मार्ग को सुचारु बनाने में जुटे हुए थे। मजदूरों ने बीते दिनों छोटी लिनचोली के पास बर्फ हटाने का कार्य शुरू किया था। कुबेर और भैरव ग्लेशियर क्षेत्रों में भारी बर्फ के कारण रास्ता बनाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन कड़ी मेहनत के बाद इन स्थानों पर मार्ग तैयार कर लिया गया।

रुद्र प्वाइंट और बेस कैंप क्षेत्र में जेसीबी मशीनों की मदद से बर्फ हटाई गई, जिससे कार्य में तेजी आई। डीडीएमए द्वारा मजदूरों को अलग-अलग टीमों में बांटकर विभिन्न स्थानों पर मार्ग निर्माण का कार्य कराया गया।

शनिवार, 3 अप्रैल से निर्माण सामग्री पहुंचाने के लिए घोड़े-खच्चरों की आवाजाही शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही खाद्य सामग्री भी धाम तक पहुंचाई जा रही है। पहले दिन करीब 20 से 30 घोड़े-खच्चर सामग्री लेकर केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुए, जिससे पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि केदारनाथ यात्रा को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। गुप्तकाशी से धाम तक पैदल मार्ग को दुरुस्त किया जा रहा है, जबकि धाम में बर्फ सफाई का कार्य लगातार जारी है।

गौरतलब है कि 22 अप्रैल को बाबा केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। ऐसे में 15 अप्रैल तक सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रा से जुड़े सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है।

यदि मौसम साफ रहा तो निर्धारित समय के भीतर सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *