अल्पसंख्यक कल्याण योजनाओं को लेकर मंत्री खजान दास ने की समीक्षा बैठक, जागरूकता बढ़ाने पर जोर

देहरादून। प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास ने आज विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में विभाग के अंतर्गत संचालित जनकल्याणकारी कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मंत्री ने कहा कि बैठक के दौरान सभी सदस्यों से सुझाव प्राप्त किए गए हैं और इस पर विचार किया गया है कि विभाग के माध्यम से और अधिक प्रभावी जनकल्याणकारी कार्य किस प्रकार किए जा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाग की योजनाओं के प्रति आम जनता को जागरूक किया जाए। इसके लिए होर्डिंग, प्रचार-प्रसार और अन्य माध्यमों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साथ ही निर्देश दिए कि विभागीय कार्यों की नियमित निगरानी की जाए ताकि योजनाएं समयबद्ध और प्रभावी ढंग से लागू हो सकें।

मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के समग्र विकास के साथ-साथ प्रत्येक वर्ग का उत्थान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि अगली बैठक में नए बिंदुओं के आधार पर पुनः समीक्षा की जाएगी।

बैठक में मंत्री ने छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी भी ली और निर्देश दिए कि कैम्प आयोजित कर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से छात्रवृत्ति का वितरण किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री हुनर योजना के तहत एनजीओ के माध्यम से संचालित कौशल विकास कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने निर्देश दिए कि इन कार्यक्रमों की जानकारी जनप्रतिनिधियों तक भी पहुंचाई जाए, जिससे योजना का व्यापक लाभ मिल सके।

इस अवसर पर विशेष सचिव पराग मधुकर धकाते, उप सचिव एचएस बसेड़ा, मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष मुफ्ती शमून कासमी, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स, अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष फरजाना बेगम सहित अन्य अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *