केदारनाथ यात्रा की तैयारियां तेज, महत्वपूर्ण बाईपास मार्ग का निरीक्षण

रुद्रप्रयाग।  आगामी केदारनाथ धाम यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने महत्वपूर्ण जवाड़ी बाईपास मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

करीब 3.5 किलोमीटर लंबा यह बाईपास मार्ग जवाड़ी से रुद्रप्रयाग टनल तक जाता है और यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले मानसून में भूस्खलन के कारण मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसकी मरम्मत का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सड़क को पूरी तरह दुरुस्त और गड्ढामुक्त किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार चारधाम यात्रा मार्गों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है।

पूर्व में यह कार्य आरबीएनएल को सौंपा गया था, लेकिन समय की कमी को देखते हुए अब राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा तेजी से मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। मार्ग पर क्रैश बैरियर, पैरापिट वॉल और रिटेनिंग वॉल का निर्माण पहले ही किया जा चुका है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 5 से 10 अप्रैल के बीच हर हाल में पैचवर्क और मरम्मत कार्य पूरा कर लिया जाए। उन्होंने गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।

इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता ओंकार पांडे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *