देहरादून |
पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्री आवास परिसर में मंगलवार को शहद निष्कासन (Honey Extraction) का कार्य किया गया। इस दौरान पहले चरण में लगभग 60 किलोग्राम शहद निकाला गया।
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवास परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में 3-बी गार्डन विकसित किए जाएं। इसमें बी-फ्रेंडली, बटरफ्लाई-फ्रेंडली और बर्ड-फ्रेंडली गार्डन शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड में मधुमक्खी पालन (मौन पालन) की अपार संभावनाएं हैं। राज्य में उपलब्ध विभिन्न प्रकार के फूल उच्च गुणवत्ता वाले जैविक शहद उत्पादन के लिए अनुकूल हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पहाड़ी क्षेत्रों में औषधीय गुणों वाले शहद के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाए।
इस अवसर पर उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित और देवभूमि पर्वतीय ग्रामोद्योग विकास संस्थान, हरबर्टपुर के चेयरमैन अजय कुमार सैनी भी मौजूद रहे।
